आपका हार्दिक स्वागत...

"ख़बरों से रूबरू तो हम अनेक माध्यमों से होते हैं लेकिन “खबर छत्तीसी” ऐसी विश्लेषणात्मक पत्रिका है जो विषय विशेषज्ञों के जरिये खबरों के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं पर विवेचनात्मक दृष्टिकोण डालती अपने सामाजिक सरोकारों और दायित्वों का परिपालन करती है. “खबर छत्तीसी” के साथ सत्य को परखिये सर्वथा नवीन वैचारिक धरातल पर.... "

Wednesday 18 July 2012

सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम 2 अक्टूबर से


रायपुर, 7 जुलाई। राजधानी में नगर निगम की बहुप्रतीक्षित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम के अक्टूबर के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ होने की संभावना है। इसके लिए निगम प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई है। उम्मीद है कि गांधी जयंती अर्थात् 2 अक्टूबर से इसकी शुरूआत की जा सकती है। कार्य प्रारंभ होने के एक वर्ष के भीतर ही एमओयू के अनुसार कंपनी को फिल्टर प्लांट और ट्रेचिंग ग्राऊंड बनाना होगा। निगम प्रशासन प्रारंभिक चरण में इसे राजधानी के सघन व्यावसायिक क्षेत्रों में लागू करने की योजना बना रहा है इसके लिए जल्दी ही सदर बाजार, बूढ़ापारा जैसे क्षेत्रों को चिन्हित करने की बात भी की जा रही है। कंपनी द्वारा भी इस दिशा में प्रारंभिक तैयारियां तेज कर दी गई है। प्रत्येक घरों में वितरित करने के लिए डस्टबीन खरीदे जाने की प्रक्रिया को इस समय अंतिम रूप दिया जा रहा है। बहुत जल्द शहर में कचरों को घरों तथा विभिन्न स्थानों से उठाने के लिए रिक्शे तथा हाइटेक वाहनों की खरीदी भी कर ली जाएगी। कंपनी द्वारा रहवासी क्षेत्रों तथा कॉलोनियों में दो शिफ्टों में कार्य कराया जाएगा जिससे उम्मीद की जा रही है कि नगर के प्रमुख मार्गों में दिखाई देने वाले कचरे के ढेर अब नजर नहीं आएंगे। वहीं बाहर बाहर कचरा डालने वालों पर कठोर जुर्माना भी लगाया जाएगा। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम को नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था के लिए ब्रम्हास्त्र मान कर चल रही है। अब देखना यह होगा कि कंपनी नगर की जनता और नगर निगम प्रशासन की उम्मीदों पर खरा उतर पाती है या शहर की सफाई व्यवस्था की स्थिति और भी बिगड़ जाएगी। क्योंकि अब तक निगम ने जितनी बार भी व्यवस्था को सुधारने की कोशिश की बिगड़ती ही चली गई। बहरहाल अब सारी उम्मीदें सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम पर ही टिकी है।